home page

छाता में लगेगा प्रदेश का पहला मल्टीयूनिट एथेनॉल और चीनी प्लांट

 | 
छाता में लगेगा प्रदेश का पहला मल्टीयूनिट एथेनॉल और चीनी प्लांट


मथुरा, 05 सितम्बर (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार दोपहर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि जनपद मथुरा की तहसील छाता में तीन चरणों में प्रदेश का पहला अनोखा मल्टीयूनिट प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में मंत्री चौधरी ने विस्तार से जानकारी दी कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। इसके प्रथम चरण में 120 केएलपीडी क्षमता का एथेनॉल प्लांट लगाया जाएगा। यह प्लांट गन्ने के शीरे (बी-हैवी) से एथेनॉल का उत्पादन करेगा और जब गन्ना उपलब्ध नहीं होगा, तब मक्का व धान से एथेनॉल बनाया जाएगा। यह प्लांट वर्ष में 11 महीने संचालित होगा, जिससे करीब 369 लाख लीटर एथेनॉल का उत्पादन होगा। द्वितीय चरण में क्षेत्र में गन्ने का पर्याप्त उत्पादन होने पर चीनी मिल प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिससे गन्ने से चीनी का उत्पादन होगा। तृतीय चरण में इस चरण में को-जनरेशन प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिससे बिजली का उत्पादन होगा। उत्तर प्रदेश में अपनी तरह के इस पहले मल्टीयूनिट प्लांट की स्थापना पर लगभग 200 से 250 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना से क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार मिलने के साथ-साथ लाखों किसानों को सीधा लाभ पहुंचेगा। सरकार मथुरा क्षेत्र में गन्ने के अधिकाधिक उत्पादन के लिए किसानों को प्रोत्साहित करेगी और विभाग की ओर से उन्नत गन्ना बीज भी उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकार द्वारा छाता चीनी मिल को शुरू कराने के लिए 6 बार विज्ञापन के माध्यम से टेंडर आमंत्रित किए गए थे, लेकिन किसी का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। अब यह प्लांट पार्टनरशिप के तहत आगामी दो वर्षों में तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही, मंत्रीजी ने चीनी मिल छाता के गेट पर धरना दे रहे पूर्व सैनिकों से अपील की है कि वे अपना धरना समाप्त कर प्लांट की स्थापना में सहयोग प्रदान करें, ताकि क्षेत्र के विकास का रास्ता सुगम हो सके। प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से गोवर्धन विधायक ठाकुर मेघश्याम, बलदेव विधायक पूरन सिंह एवं जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार