केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा से मिले सांसद रवि किशन, गोरखपुर एम्स का जल्द होगा विस्तार
गोरखपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान सांसद रवि किशन ने गोरखपुर एम्स के द्वितीय फेज के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला और एम्स के कई प्रकरणों की पूरी जानकारी दी। इसके साथ ही सांसद रवि किशन ने गोरखपुर में हो रहे विकास कार्यों से भी अवगत कराया।
एम्स के विस्तार से मरीजों को मिलेंगी कई सुविधाएं
सांसद रवि किशन ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा से मुलाकात के दौरान मैंने गोरखपुर एम्स के विस्तार की मांग की। द्वितीय फेज के इस विस्तार में ट्रामा सेंटर निर्माण पर भी मैने जोर दिया। इसके साथ ही द्वितीय फेज के विस्तार में मरीजों को और भी कई सुविधाएं मिल सकेंगी। मैने इसके विस्तार की जो भी मांग की केंद्रीय मंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि आप की ये सभी मांगे आमजन के लिए और उनके हित में है। इन मांगो के पूरा होंने से एम्स आने वाले मरीजों को राहत मिलेगी। इन सभी मांगों पर गहन विचार किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं ने पूरे देश में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। आधुनिक तकनीकों ने देश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया है। आज शहर हो या गांव या कोई दुर्गम स्थान हर जगह स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से सुलभ हैं। इस पार्टी ने सबका साथ और सबका विकास किया है। आज प्रत्येक नागरिक को सभी सुविधाएं आसानी से मिल रही हैं। पीएम मोदी ने देश का मान हर क्षेत्र में बढ़ाया है। आज वैश्विक स्तर पर भी भारत की शानदार पहचान बनी हुई है।
प्रतिदिन आ रहे 5 से 7 हजार मरीज
सांसद रवि किशन ने कहा कि आज एम्स सिर्फ गोरखपुर के मरीजों को ही उत्तम सेवाएं नहीं दे रहा बल्कि उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों, बिहार और नेपाल के मरीजों को भी उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। आए दिन यहां मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या 5 से 7 हजार तक पहुंच गई है।
ऐसे में एम्स का विस्तार होना जरूरी है। जिससे मरीजों को और सुविधाएं भी मिल सकें। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही एम्स के द्वितीय फेज के विस्तार का काम शुरू किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

