home page

अरौल में बुलेट ट्रेन स्टॉपेज समेत कई रेल परियोजनाओं का प्रस्ताव रेल मंत्री के समक्ष रखा : रमेश अवस्थी

 | 
अरौल में बुलेट ट्रेन स्टॉपेज समेत कई रेल परियोजनाओं का प्रस्ताव रेल मंत्री के समक्ष रखा : रमेश अवस्थी


कानपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। कानपुर के जनमानस की आकांक्षाओं को पूरा करने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हमारा संकल्प निरंतर जारी रहेगा। यह बातें मंगलवार को कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कही।

कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कानपुर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रेल एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली–वाराणसी बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत कानपुर महानगर के अरौल में स्टॉपेज देने का प्रस्ताव रखा। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

सांसद ने कहा कि अरौल में बुलेट ट्रेन का ठहराव होने से कानपुर देहात, बिल्हौर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को आधुनिक रेल सुविधा का लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक के दौरान रमेश अवस्थी ने अनवरगंज से मंधना तक प्रस्तावित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना की प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से शहर में रेलवे क्रॉसिंग से होने वाली यातायात समस्याओं में कमी आएगी और सड़क व रेल यातायात दोनों अधिक सुगम होंगे।

सांसद ने पनकी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार की मांग करते हुए तीनों प्लेटफॉर्म पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाने तथा तीनों प्लेटफॉर्म को जोड़ने वाले आधुनिक सब-वे के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा।

इसके अलावा उन्होंने भौंती से जाजमऊ गंगापुल तक राष्ट्रीय राजमार्ग को कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए लगभग आठ किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क बनाने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि इससे शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

रमेश अवस्थी ने कानपुर से बिल्हौर, कन्नौज, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर होते हुए देहरादून तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप