home page

सांसद डिंपल यादव ने किए बांके बिहारी के दर्शन, यमुना हादसे पर जताया दुख

 | 
सांसद डिंपल यादव ने किए बांके बिहारी के दर्शन, यमुना हादसे पर जताया दुख


यमुना हादसे पर जताया दुख, बोलीं - सरकार दे सुरक्षा मानकों पर ध्यान

मथुरा, 11 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव शनिवार को धर्मनगरी वृन्दावन पहुंचीं, जहाँ उन्होंने ठा. बांके बिहारी मंदिर के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर के सेवायतों के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के गोस्वामी समाज द्वारा सांसद को माला, प्रसादी और अंग वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत व अभिनंदन किया गया।

सांसद के आगमन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं, वृन्दावन पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं ने भी गर्मजोशी से मैनपुरी से अपनी लोकसभा सांसद का स्वागत किया। दर्शन के उपरांत मीडिया से रूबरू डिंपल यादव भावुक नजर आईं। उन्होंने वृन्दावन में यमुना नदी में हुए नाव हादसे पर गहरा दुख जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ वृन्दावन आते हैं, लेकिन उनके साथ यह हादसा होना अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने इसके लिए व्यवस्थाओं में चूक और नावों की ओवरलोडिंग को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो, यह सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगर नावों में ओवरलोडिंग होगी, तो हादसे की संभावना होगी। सरकार को चाहिए कि वह बेहतर इंतजाम करे ताकि किसी को अपने परिजनों को न खोना पड़े। इस दौरान मंदिर सेवायत गोपी गोस्वामी, श्रीनाथ गोस्वामी के साथ ही समाजवादी कार्यकर्ता अंकित वार्ष्णेय और अशोक कुमार मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार