home page

पेड़ से टकराकर बाइक सवार की मौत, एक युवक घायल

 | 
पेड़ से टकराकर बाइक सवार की मौत, एक युवक घायल


हमीरपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में अपने साढ़ू की शादी की सालगिरह पर पार्टी कर वापस आ रहे बाइक सवार सामने से आ रही कार से अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई पर लगे पेड़ से टकरा गये। जिससे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी है जबकि एक युवक घायल हो गया। रविवार को पुलिस ने शव को पीएम के लिये भेजा है।

कुरारा थाना क्षेत्र के जल्ला गांव के 35 वर्षीय दीप सिंह पुत्र प्रयागी लाल की ससुराल थाना बिवांर के बंडा गांव में है। युवक के साढू राजेश पुत्र सियाराम की शादी की सालगिरह पर केक काटकर सालगिरह मनाते रहे। सालगिरह के बाद दोनों साढ़ू बाइक में सवार होकर छानी गांव पार्टी करने गए। एक घंटे बाद वापस बाइक से घर आते समय विपरीत दिशा से आ रही चार पहिया वाहन से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में लगे पेड़ से टकरा गई। जिससे दोनों बाइक सवार अचेत हो गए। दीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि घायल राजेश ने ससुराल में फोन से जानकारी दी। परिजनों ने दोनों को छानी सीएचसी में भर्ती कराया। जहां राजेश को मामूली चोट आने पर उपचार किया गया। वहीं दीप सिंह की हालत गंभीर होने पर सदर चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया। सदर चिकित्सालय में ले जाने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के साले सचिन ने बताया कि मृतक नोएडा के बिस्कुट कंपनी में कार्य करता था। बड़े भाई की लड़की की छठी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले छुट्टी पर घर आया था। पार्टी में जाते समय परिजनों ने मना किया था। मृतक के एक दो साल की पुत्री है। बिवांर थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने रविवार को बताया कि सूचना मिली है। रविवार को शव को पाेस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा