किसान दिवस पर 11 गन्ना किसानों को मिली मोटरसाइकिल
मुरादाबाद, 19 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी की उपस्थिति में किसान दिवस के अवसर पर बुधवार के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दीवान शुगर मिल्स लिमिटेड, अगवानपुर द्वारा लकी ड्रॉ के माध्यम से चयनित 11 गन्ना किसानों को मोटरसाइकिल प्रदान की गईं।
पेराई सत्र 2025-26 में अधिक गन्ना उत्पादन करने तथा चीनी मिल को सर्वाधिक गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पुरस्कार योजना संचालित की गई थी। लकी ड्रॉ में चयनित किसानों को जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने मोटरसाइकिल की चाबियां प्रदान करने के साथ ही रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस एवं हेलमेट भी प्रदान किए।
लकी ड्रॉ में चयनित किसानों में ग्राम चंगेरी की सविता एवं भूरिया, ग्राम मोहम्मदपुर ध्यान की राकेश देवी, ग्राम गदापुर के इसरार, ग्राम आदमपुर की अलीमा, ग्राम सेरुआ धर्मपुर के महेन्द्र सिंह, ग्राम मोड़ा के सोमपाल सिंह, ग्राम नगला जोगराज के जसवीर सिंह, ग्राम सुल्तानपुर के धर्म प्रकाश, ग्राम संजरपुर की हसीना खातून तथा ग्राम ज्ञानपुर की सुधा देवी शामिल हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने दीवान शुगर मिल्स लिमिटेड, अगवानपुर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि किसानों को अधिक गन्ना उत्पादन एवं चीनी मिलों को अधिक गन्ना आपूर्ति के लिए प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने जनपद की अन्य चीनी मिलों को भी किसानों के हित में इसी प्रकार की प्रोत्साहन हेतु योजनाएं संचालित करने के निर्देश दिए।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि जनपद की चीनी मिलों द्वारा पेराई सत्र 2025-26 का संपूर्ण गन्ना मूल्य भुगतान किसानों को कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को समयबद्ध भुगतान के साथ-साथ उत्पादन एवं आपूर्ति के लिए प्रोत्साहित किया जाना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में दीवान शुगर मिल्स लिमिटेड, अगवानपुर के यूनिट हेड महेश कुमार पाण्डेय, मुख्य प्रबंधक (प्रशासन) सुशील कुमार खोखर, महाप्रबंधक (गन्ना) राजपाल सिंह, उप महाप्रबंधक (गन्ना) एनसी पंत सहित जिला गन्ना अधिकारी, गन्ना विकास विभाग के अधिकारी एवं चीनी मिल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

