home page

एमबीबीएस छात्रों के लिए स्ट्रेस मैनेजमेंट विषय पर प्रेरक व्याख्यान का किया आयोजन

 | 
एमबीबीएस छात्रों के लिए स्ट्रेस मैनेजमेंट विषय पर प्रेरक व्याख्यान का किया आयोजन


देवरिया, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं के लिए स्ट्रेस मैनेजमेंट विषय पर एक प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, गोरखपुर के विभागाध्यक्ष, माइक्रोबायोलॉजी विभाग, प्रोफेसर डॉ. राजीव किशोर सक्सेना ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान छात्र-छात्राएं शैक्षणिक दबाव, परीक्षा, समय प्रबंधन एवं व्यक्तिगत चुनौतियों के कारण विभिन्न प्रकार के तनाव (स्ट्रेस) का सामना करते हैं। उन्होंने तनाव के कारणों, उसके दुष्प्रभावों तथा तनाव को प्रभावी ढंग से कम करने एवं प्रबंधित करने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही सकारात्मक सोच, नियमित दिनचर्या, योग, ध्यान, पर्याप्त नींद एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने पर विशेष बल दिया।

व्याख्यान के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा तनाव प्रबंधन से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका प्रो. डॉ. राजीव किशोर सक्सेना ने सरल एवं प्रभावी ढंग से उत्तर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रजनी पटेल ने प्रो. डॉ. राजीव किशोर सक्सेना को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके प्रेरणादायी व्याख्यान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं प्रेरक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में एमबीबीएस छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक