home page

शिक्षित महिला ही परिवार और समाज को सही दिशा देने में सक्षम: डॉ नीता साहू

 | 
शिक्षित महिला ही परिवार और समाज को सही दिशा देने में सक्षम: डॉ नीता साहू


-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘मातृ शक्ति गौरव सम्मान’ से महिलाएं हुई सम्मानित

प्रयागराज, 08 मार्च (हि.स)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को तेलियरगंज स्थित एन जी आई टी में एक समारोह का आयोजन कर शहर की सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को “मातृ शक्ति गौरव सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की भूमिका, शिक्षा और समाज में उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ.नीता साहू ने कहा कि “महिलाओं का सशक्तीकरण तभी संभव है जब महिलाएं शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर हों। शिक्षित महिला ही परिवार और समाज को सही दिशा देने में सक्षम होती है।”कार्यक्रम के संयोजक एवं एनजीआईटी के निदेशक जावेद सिद्दीकी ने सभी अतिथियों और सम्मानित महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा कि तुम्हारे दिल की चुभन भी कम होगी, किसी के पांव का कांटा निकाल कर देखो। उनके इस प्रेरणादायक संदेश का उपस्थित लोगों ने तालियों से स्वागत किया।मुख्य अतिथि एवं एनजीआईटी के निदेशक ने अंगवस्त्र, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र, माला एवं बुके प्रदान कर पूर्व अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता श्रीमती सुभाष राठी, डॉ. नाज फातिमा, डॉ. स्वीटी मौर्या तथा वरिष्ठ समाजसेविका अनुराधा को “मातृ शक्ति गौरव सम्मान” से सम्मानित किया। इनके अतिरिक्त शहर की 16 अन्य महिलाओं को भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।सम्मानित अतिथियों सुभाष राठी, डॉ. स्वीटी मौर्या और डॉ. नाज फातिमा ने अपने सम्बोधन में कहा कि परिवार में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि “जहां संस्कार होते हैं, वहीं लक्ष्मी का वास होता है और वही परिवार व समाज उन्नति करता है।”

कर्मचारी नेता रविशंकर मिश्र ने अपने सम्बोधन में कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण में स्वयं महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि हर सफल पुरुष के पीछे किसी न किसी मातृ शक्ति का आशीर्वाद और प्रेरणा अवश्य होती है।कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षक श्रीनारायण यादव तथा संचालन वरिष्ठ समाजसेवी शिक्षाविद ब्रह्माप्रकाश तिवारी ने किया। कार्यक्रम में अंजू जायसवाल, रागनी श्रीवास्तव, राधा कनौजिया, मधू यादव, संध्या सिंह, आस्था सिंह, प्रशांत कुमार, सुलोचना, जिया खान, सीमा श्रीवास्तव, प्रिया रावत, निशा गुप्ता, गीता, रेनू, शोभा जायसवाल, अल्पना जायसवाल, परवेज सिद्दकी और साजिद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र