कोइलसवा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी झुलसी
108 एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती
देवरिया, 08 मई (हि.स.)। बघौचघाट थाना क्षेत्र के कोइलसवा गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को पहले पथरदेवा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कोइलसवा गांव निवासी रजनी (56) पत्नी महेंद्र साहनी और उनकी बेटी कविता (18) शुक्रवार शाम अपने घर के कटरैन शेड में मौजूद थीं। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश और गरज-चमक शुरू हो गई। अचानक आकाशीय बिजली टीनशेड पर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं।
बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों को गंभीर हालत में देख तत्काल इलाज के लिए पथरदेवा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण दोनों को देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इसके बाद एंबुलेंस 108 की मदद से मां-बेटी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान क्षेत्र में तेज गरज और बिजली चमक रही थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सहम गए।
चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

