आंधी में उखड़ गए 100 से ज्यादा पोल, करीब दर्जनभर ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त
हाथरस, 04 अप्रैल (हि.स.)। हाथरस में तेज आंधी और बारिश से बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। तेज हवाओं के कारण 100 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए, जबकि 12 से 13 ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर आ गए।
इस घटना से सादाबाद के मिढ़ावली, बिसावर सहित पूरे देहात क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। कई गांवों में रात से ही बिजली गुल है, जिससे लोगों को पेयजल और अन्य दैनिक कार्यों में कठिनाई हो रही है। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने शनिवार काे बताया कि आंधी के तुरंत बाद से ही विभाग की टीमें राहत और मरम्मत कार्य में जुट गई हैं। अधिकारी और कर्मचारी रात से ही लगातार पेट्रोलिंग कर क्षतिग्रस्त लाइनों और गिरे हुए खंभों का जायजा ले रहे हैं। तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर बिजली की लाइनें टूटकर जमीन पर गिर गईं, जिससे भारी लाइन लॉस हुआ है। विभाग प्राथमिकता के आधार पर उन स्थानों पर नए खंभे लगा रहा है जहां नुकसान अधिक हुआ है।
अधिशासी अभियंता ने आगे बताया कि जिन जगहों पर ट्रांसफॉर्मर और जोड़ा क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहां नई सामग्री पहुंचाई जा रही है। विभाग का प्रयास है कि जल्द कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बहाल कर दी जाए। हालांकि, पूरी व्यवस्था सामान्य होने में कुछ और समय लग सकता है। तेज आंधी का असर बाजार और ग्रामीण इलाकों में भी देखा गया। कई दुकानों पर लगे टीन शेड, तिरपाल, छप्पर, बोर्ड और होर्डिंग्स तेज हवा के कारण उड़ गए। कुछ स्थानों पर पेड़ और उनकी बड़ी डालियां टूटकर सड़कों व बिजली लाइनों पर गिर गईं, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

