राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण हों
मुरादाबाद, 09 मार्च (हि.स.)। आम लोगों को सस्ता, त्वरित और सरल न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 मार्च को आयोजित होने वाली वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज हो गई हैं।
इसी क्रम में सोमवार शाम को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विश्राम कक्ष में बैठक की गई, जिसमें अधिकारियों को अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण और जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी मौहम्मद फिरोज़ ने कहा कि लोक अदालत आम जनता के लिए न्याय पाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। इसमें आपसी सहमति से मामलों का निस्तारण किया जाता है, जिससे लोगों को लंबे मुकदमों, खर्च और समय की बचत होती है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लोगों को लोक अदालत के बारे में व्यापक स्तर पर जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
सचिव तपस्या त्रिपाठी ने विभागाध्यक्षों से कहा कि लम्बित मामलों को चिह्नित कर अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कराया जाए। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में बैंक ऋण, बिजली बिल, दुर्घटना दावा, पारिवारिक विवाद, राजस्व व अन्य समझौता योग्य मामलों का समाधान आपसी सहमति से कराया जाता है।
बैठक जनपद न्यायाधीश सै माऊज़ बिन आसिम के मार्गदर्शन में हुई। इसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज मौहम्मद फिरोज़ ने की, जबकि संयोजन सिविल जज सीनियर डिवीजन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव तपस्या त्रिपाठी ने किया।
बैठक में तहसीलदार सदर, कांठ, ठाकुरद्वारा नायब तहसीलदार बिलारी, एआरटीओ, सहायक महानिरीक्षक स्टाम्प, आबकारी निरीक्षक, उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

