home page

मुरादाबादी मूंग की दाल को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान

 | 
मुरादाबादी मूंग की दाल को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान


मुरादाबाद, 07 मई (हि.स.)। अब मुरादाबादी दाल की खुशबू देश विदेशों में फैलेगी। एक जनपद- एक व्यंजन (ओडीओसी) से इस दाल को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। इसे ब्रांड बनाकर बड़े बाजार तक पहुंचाने की रणनीति पर सरकार की ओर से काम शुरू हो गया है। मंडलीय खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन अधिकारी राजवंश श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना के तहत प्रदेश के 75 जिलों के प्रमुख व्यंजनों की व्यापक मैपिंग पूरी कर ली है। इसमें मुरादाबादी दाल को भी शामिल किया गया है।

एक जिला एक व्यंजन का शासनादेश भी जारी हो गया है। इससे मुरादाबादी दाल को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे बल्कि शहर की पहचान को मजबूती भी मिलेगी।

मुरादाबादी दाल का स्वाद केवल मुरादाबाद ही नहीं बल्कि पूरे उत्तरी इलाकों में अपनी पहचान बनाए हुए हैं। शहर में सुबह शाम के समय हर मोहल्ले और हर मोड़ पर दाल के ठेले दिखाई देते हैं। मुरादाबाद के हर छोटे-बड़े इलाकों में करीब 400 कारोबारी दाल के ठेले लगाए हुए हैं। वहीं सुबह के नाश्ते और शाम के स्नेक्स के समय इन ठेलों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। दाल के कारोबारी मुरादाबाद में दाल का ठेला लगाने के साथ ही दूसरे शहरों की शादियों में भी दाल के ठेले लगा रहे हैं। हर शहर की शादियों में बाकी व्यंजनों के साथ ही मुरादाबादी दाल का स्टॉल लगना भी अनिवार्य हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल