मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने मुरादाबाद-मीरानपुर कटरा रेलखंड का किया निरीक्षण
अल्ट्राटेक सीमेंट के अधिकारियों के साथ बैठक कर माल यातायात को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा
मुरादाबाद, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने गुरुवार काे मुरादाबाद से मीरानपुर कटरा स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड पर संरक्षा, परिचालन व्यवस्था, रेल अवसंरचना तथा परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को बताया कि मीरानपुर कटरा स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के निकट निर्माण किए जा रहे गति शक्ति टर्मिनल के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष बल दिया।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में रेलवे के माध्यम से माल यातायात को बढ़ावा देने, लॉजिस्टिक सुविधाओं के विस्तार, उद्योग एवं रेलवे के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा भविष्य में माल परिवहन की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर रेल आधारित माल परिवहन को और अधिक प्रोत्साहित करने तथा दोनों पक्षों के बीच समन्वय को सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रेम शंकर झा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आदित्य गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (तृतीय) करन प्रीत सिंह, वरिष्ठ मंडल संकेत व संचार अभियंता (प्रथम) मनीष कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

