मुरादाबाद रेल मंडल ने अप्रैल 2026 में 152 करोड़ से अधिक का रेल राजस्व किया अर्जित
मुरादाबाद, 10 मई (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल ने अप्रैल-2026 में 152 करोड़ रुपये से अधिक का रेल राजस्व अर्जित किया है। यह जानकारी उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को दी।
उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में मुरादाबाद मंडल निरंतर प्रगति एवं विकास की दिशा में अग्रसर है। मंडल में आधारभूत संरचना विकास, यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा बेहतर परिचालन प्रबंधन के परिणामस्वरूप रेल राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।
मुरादाबाद मंडल ने माह अप्रैल-2026 के दौरान कुल 55.88 लाख यात्रियों की बुकिंग की गई, जिससे 107.54 करोड़ रुपये की यात्री आय अर्जित हुई है, यह किसी एक माह में मंडल द्वारा अर्जित अब तक की सर्वश्रेष्ठ यात्री आय है।
सीनियर डीसीएम ने बताया कि अप्रैल 2025 की तुलना में अप्रैल 2026 की यात्री आय में लगभग 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त मंडल द्वारा अन्य कोचिंग मद से 7.39 करोड़ रुपये, माल भाड़ा आय से 34.76 करोड़ रुपये तथा विविध आय मदों से 2.38 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई। इस प्रकार माह अप्रैल 2026 में मुरादाबाद मंडल की कुल आय 152.07 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वर्ष अप्रैल 2025 की तुलना में 9.08 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने बताया कि मंडल प्रशासन द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक यात्री सुविधाओं के विस्तार, बेहतर टिकटिंग व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा तथा परिचालन दक्षता में सुधार के फलस्वरूप मंडल की आय में निरंतर वृद्धि हो रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

