मुरादाबाद के नेशनल शूटर मोहित पाल का यूपी पुलिस में आरक्षी पद पर चयन
मुरादाबाद, 08 अक्टूबर (हि.स.)। लोकभवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें मुरादाबाद निवासी प्रतिभाशाली नेशनल शूटर मोहित पाल भी शामिल रहे।
मोहित पाल का उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर चयन हुआ है। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर उनके परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। मोहित पाल राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज हैं और शूटिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम कर चुके हैं। उनकी खेल प्रतिभा, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के चलते उनका चयन यूपी पुलिस में खिलाड़ी कोटे के तहत हुआ है।
मोहित पाल के पिता रेलवे विभाग मुरादाबाद में कार्यरत हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों और क्षेत्रवासियों ने मोहित पाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मोहित पाल की इस उपलब्धि को मुरादाबाद के खेल जगत के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

