home page

12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की : रामचंद्र कन्नौजिया

 | 
12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की : रामचंद्र कन्नौजिया


बलरामपुर , 17 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में बुधवार को 12 वर्ष विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के – विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कन्नौजिया ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जो विकसित भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

विधायक पल्टूराम ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। सड़क, बिजली, आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा। डॉ. विशाल मिश्रा ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने में युवाशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने संगठन की गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। सम्मेलन में वक्ताओं ने आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक समरसता और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प भी लिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सिंह, प्रदीप सिंह, डॉ. जे.पी. पांडेय, डॉ. विशाल मिश्रा, रमेश पाहवा, आद्या सिंह ‘पिंकी’, अविनाश मिश्र तथा कुलदीप सिंह सहित बड़ी संख्या मैं भाजपा पदाधिकारीव कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन