home page

मोदी सरकार के 12 वर्षों में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा योजनाओं का लाभ : शिवराम सिंह

 | 
मोदी सरकार के 12 वर्षों में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा योजनाओं का लाभ : शिवराम सिंह


कानपुर, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। भारत आज वैश्विक स्तर पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। विकसित भारत-2047 का संकल्प देश के 140 करोड़ नागरिकों का संकल्प है।

यह बातें रविवार को भाजपा कानपुर दक्षिण के जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं अंत्योदय के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा कानपुर दक्षिण के श्याम नगर मंडल में विशेष जनसंपर्क अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सम्मानित लोगों से संपर्क कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद भी किया गया। महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर अपने विचार रखे तथा कई सकारात्मक सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री जसविंदर सिंह, श्याम नगर मंडल अध्यक्ष गौरव चतुर्वेदी, जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी, एल.बी. सिंह पटेल, पार्षद निर्देश सिंह चौहान, सुषमा चौहान, ममता राजपूत, के.पी. सिंह चौहान, नितिन यादव, अनुराग मिश्रा, अक्षत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण हुए 12 वर्षों की उपलब्धियों को समाज के प्रबुद्ध वर्ग तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी को और अधिक मजबूत बनाना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप