home page

हिंदू कॉलेज में आपदा प्रबंधन विषयक मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

 | 
हिंदू कॉलेज में आपदा प्रबंधन विषयक मॉक ड्रिल का सफल आयोजन


मुरादाबाद, 07 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी मुरादाबाद के निर्देशानुसार हिंदू कॉलेज, मुरादाबाद में शुक्रवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिविल डिफेंस, मुरादाबाद तथा डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस एंड स्ट्रेटेजिक स्टडीज, हिंदू कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आपदा प्रबंधन विषयक मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना तथा आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशेषज्ञ व्याख्यानों से हुआ। जिला आपदा विशेषज्ञ प्रदीप सिंह ने नागरिक सुरक्षा के महत्व, स्वयंसेवकों की भूमिका तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सामूहिक सहयोग की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

सिविल डिफेंस, मुरादाबाद के उप नियंत्रक नीरज चक ने भूकंप, आग, भवन ध्वंस एवं अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा आपदा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस एंड स्ट्रेटेजिक स्टडीज के प्रभारी प्रो. एके सिंह ने विद्यार्थियों से आपदा प्रबंधन संबंधी व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अध्यक्ष प्राचार्य प्रो. सत्यव्रत सिंह रावत ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता कर स्वयं को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखने का आह्वान किया।

इसके उपरांत अग्निशमन विभाग, मुरादाबाद के अधिकारियों ने फायर टेंडर की सहायता से आग लगने की स्थिति में बचाव, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा सुरक्षित निकासी की प्रभावी मॉक ड्रिल का प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, सिविल डिफेंस के स्वयं सेवकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास भी विकसित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल