home page

एमएलसी चुनाव: 29 सितंबर से नामांकन, 23 अक्टूबर को मतदान

 | 

बांदा, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक के पांच और खंड शिक्षक के छह निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर को समाप्त होने के कारण रिक्त होने वाले पदों को भरने के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी किया गया है। इनमें इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल है, जहां वर्तमान सदस्य डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग आफिसर, इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र अमित आसेरी ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी करा ली जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर, भारत निर्वाचन आयोग के 26 दिसंबर 2016 के निर्देशों के अनुसार आदर्श आचार संहिता के संबंधित प्रावधान लागू हो गए हैं।

------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह