home page

एमएलसी चुनाव : औरैया में प्रशासन अलर्ट, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के निर्देश

 | 
एमएलसी चुनाव : औरैया में प्रशासन अलर्ट, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के निर्देश


जिलाधिकारी और एसपी ने चुनावी टीम को दी ब्रीफिंग, 20 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग

औरैया, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-2026 के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों, मतदान कर्मियों और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाए। मतदान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मतदान कर्मियों को मतपेटियों की सुरक्षा, मतदान की गोपनीयता और मतदाताओं के पहचान पत्रों की सही जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने तथा माइक्रो ऑब्जर्वर को मतदान केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों और वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने, शांति व्यवस्था बिगाड़ने या मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय बनाए रखने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने बताया कि जनपद में आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 12 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आठ मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक मतदान पार्टी तैनात की गई है। इसके अलावा प्रत्येक तहसील में सुपर जोनल और जोनल मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं, जबकि 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

ब्रीफिंग के बाद पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ कड़ी सुरक्षा में निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा समेत जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी, माइक्रो ऑब्जर्वर और मतदान कर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार