भाजपा एमएलसी से ठगी करने का प्रयास, केस दर्ज
सुलतानपुर, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में सुलतानपुर-अमेठी सीट से भाजपा एमएलसी शैलेंद्र सिंह से ठगी का प्रयास किया गया लेकिन एमएलसी की सक्रियता की वजह से ठग अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हाे सके। ठगों ने खुद को मुंबई पुलिस और एटीएस (ATS) का अधिकारी बताकर एमएलसी काे ठगने का प्रयास किया था।
शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, उनके पास एक अंजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि वह मुंबई एटीएस से बोल रहा है और एमएलसी के नाम पर केनरा बैंक में एक फर्जी खाता खुला है, जिसका इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध गतिविधियों के लिए किया जा रहा है।
एमएलसी ने बताया कि मुझसे कहा गया कि आपका बैंक खाता केनरा बैंक में है। मैंने कहा कि मेरा लखनऊ और सुल्तानपुर के बाहर कहीं खाता नहीं है। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक मुझे वीडियो कॉल पर रखा और कमरा अंदर से लॉक करने को कहा।
ठग मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए एमएलसी से लगातार आधार कार्ड और बैंक डिटेल्स की मांग कर रहे थे। हद तो तब हो गई जब कमरे का दरवाजा थोड़ा सा खुलने पर ठग नाराज हो गए और बोले कि आप मजाक कर रहे हैं? दरवाजा किसने खोला? किसी को अंदर मत आने दीजिए।
इस घटना के बाद शैलेंद्र सिंह ने सुल्तानपुर के साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब उन नंबरों और आईपी एड्रेस को ट्रैक कर रही है जिनसे यह कॉल आई थी।
क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामन्त ने गुरुवार को बताया कि सुलतानपुर-अमेठी क्षेत्र के एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह के सम्बन्ध में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर चल रही 'डिजिटल अरेस्ट' जैसी किसी भी खबर का पुलिस द्वारा पूर्णतः खंडन किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

