home page

निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए एमडी से मिले विधायक गुड्डू चौधरी

 | 
निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए एमडी से मिले विधायक गुड्डू चौधरी


हाथरस, 21 जुलाई (हि.स.)। विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू चौधरी ने मंगलवार को आगरा स्थित दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक श्रुति से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने क्षेत्र में बार-बार होने वाली बिजली कटौती, जर्जर विद्युत लाइनों, बढ़े हुए विद्युत भार, नए कनेक्शनों में अनावश्यक देरी और विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर विस्तार से शिकायत दर्ज कराई।

विधायक ने एमडी को बताया कि सादाबाद क्षेत्र के उपभोक्ता लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती और चेकिंग के नाम पर मानसिक एवं आर्थिक उत्पीड़न जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने जिन क्षेत्रों में आवश्यकता है वहां 11 केवी लाइनों को एलटी लाइन में परिवर्तित करने, बार-बार फुंक रहे ट्रांसफार्मरों के स्थान पर उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाने तथा ओवरलोडिंग कम करने के लिए नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाने की मांग भी रखी।

विधायक गुड्डू चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन को सुरक्षित, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है। बैठक के दौरान डीवीवीएनएल की प्रबंध निदेशक ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया।

विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया ने कहा कि सादाबाद विधानसभा की जनता को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति दिलाना मेरी प्राथमिकता है। क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मैंने डीवीवीएनएल की प्रबंध निदेशक के समक्ष हर समस्या को मजबूती से रखा है। स्पष्ट कर दिया है कि बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही और आम उपभोक्ताओं का किसी भी प्रकार का उत्पीड़न अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। जहां-जहां बिजली व्यवस्था कमजोर है, वहां उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर, नए विद्युत उपकेंद्र और आवश्यक विद्युत लाइनों का विस्तार कराया जाएगा। मेरा प्रयास है कि सादाबाद की जनता को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिले।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना