home page

जगन्नाथ शोभायात्रा से पहले मार्ग की सभी व्यवस्थाएं हाें दुरुस्त : अमिताभ बाजपेयी

 | 
जगन्नाथ शोभायात्रा से पहले मार्ग की सभी व्यवस्थाएं हाें दुरुस्त : अमिताभ बाजपेयी


कानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। भगवान जगन्नाथ जी की शोभायात्रा प्रारंभ होने से पूर्व संपूर्ण मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। सभी गड्ढों की मरम्मत, लटकते तारों को व्यवस्थित करने, सफाई कराने, अनावश्यक पोस्टर चौराहे से हटाने तथा यात्रा मार्ग को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने का कार्य युद्धस्तर पर तत्काल पूरा किया जाए। यह बातें बुधवार को आर्यनगर विधानसभा से सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहीं।

आगामी भगवान जगन्नाथ यात्रा के दृष्टिगत जनरलगंज से निकलने वाली प्रस्तावित शोभायात्रा मार्ग का आज आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने नगर निगम एवं केस्को के अधिकारियों के साथ स्थलीय जायजा लिया। इससे पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी मार्ग का निरीक्षण किया जा चुका था, इसके बावजूद आवश्यक कार्य अब तक पूरे नहीं किए गए।

इस दौरान मार्ग पर कई स्थानों पर लटकते विद्युत तार, उखड़ी हुई सड़कें, गड्ढे, उखड़ा पैचवर्क, सड़क पर फैली गंदगी तथा दीवारों एवं श्यामगंज चौराहे पर लगे गंदे पोस्टर देखकर विधायक अमिताभ बाजपेई अधिकारियों पर नाराज़ हो गए। उन्होंने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रा में अब केवल एक दिन शेष है, जबकि पहले भी कई वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किए जाने के बावजूद अब तक आवश्यक कार्य पूरे नहीं किए गए हैं। यह घोर लापरवाही है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन), अवर अभियंता (जेई) तथा केस्को के अधिशासी अभियंता एवं अवर अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ज्ञानू बिश्नोई, सौरभ गुप्ता, पार्षद रजत बाजपेयी, चंकी गुप्ता, नारायण दीक्षित, विनोद पांडेय, हर्ष नागवंशी, नरेश द्विवेदी, तनिष्क गुप्ता, संस्कार खरे, निखिल गुप्ता, पुण्य जैन, विक्की जायसवाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप