विधायक ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को वितरित की राहत सामग्री
हमीरपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं। राठ विधानसभा क्षेत्र की विधायक मनीषा अनुरागी ने सोमवार को सरीला क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम कनेरा में उपजिलाधिकारी सरीला विकास यादव की उपस्थिति में प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई।
राहत वितरण के दौरान जरूरतमंद परिवारों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं एवं खाद्य सामग्री से युक्त राहत किट उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन की ओर से ग्राम कनेरा के लिए कुल 50 राहत किट उपलब्ध कराई गई थीं, जिनमें से 45 राहत किट प्रभावित परिवारों को मौके पर वितरित की गईं। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित नागरिकों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता से खड़ा है। प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए तथा जरूरतमंद लोगों तक राहत एवं सहायता तत्काल पहुंचाई जाए।
उपजिलाधिकारी सरीला ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर प्रशासन द्वारा निरंतर नजर रखी जा रही है। प्रभावित परिवारों को शासन के निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

