जगह-जगह हुआ मिथिलेश त्रिपाठी का स्वागत
अंबेडकरनगर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन में प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी का अपनी विधानसभा आलापुर में पहुंचने पर शुक्रवार को जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। अछती से लेकर देवरिया तक हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने लंबे काफिले के साथ उनका अभिनंदन किया।
अछती से स्वागत का सिलसिला शुरू होकर इंदईपुर, आरोपुर, बाभनपुर, रामनगर, कटघर, नरियाव, बावली चौक, जहांगीरगंज, गिरैया बाजार, कम्हरिया, मदैनिया, गढ़वल, राजेसुल्तानपुर, पदुमपुर और देवरिया समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
पंचमुखी हनुमान मंदिर के निकट रामनगर चौक पर प्रदीप तिवारी टोनू व दिनेश यादव की अगवाई में सैकड़ों युवाओं की मौजूदगी में जेसीबी से डॉ. त्रिपाठी पर पुष्पवर्षा की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद डॉ. त्रिपाठी ने पंचमुखी हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। रामनगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्थल पर पहुंचकर उन्होंने माल्यार्पण भी किया।
स्वागत यात्रा के दौरान डॉ. त्रिपाठी ने क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक और स्मृति स्थलों पर पहुंचकर दर्शन एवं श्रद्धांजलि अर्पित की। राजेसुल्तानपुर के निकट ब्रह्मचारी के स्थान पर पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वसुधा सिंह समाधि स्थल पर पहुंचकर माल्यार्पण किया। राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में उन्होंने ब्रह्म बाबा के स्थान पर भी दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के दौरान क्षेत्र के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर रुकने के दौरान स्थानीय लोगों ने भी उनका स्वागत किया।
रामनगर में भाजपा जिला मंत्री अभिषेक निषाद की अगुवाई में जोरदार स्वागत हुआ।आरोपुर और बाभनपुर में अवनीश त्रिपाठी, सोनू, चंपू तिवारी और बरुण तिवारी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

