home page

मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना

 | 
मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना


हाथरस, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मिशन शक्ति फेज-6 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को समर्पित भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर ने की।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षिकाओं, चिकित्सकों, खिलाड़ियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, महिला सफाईकर्मियों, वार्डन और छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। बेटियों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने सभी से बेटियों को शिक्षित करने और उनके सपनों को साकार करने में सहयोग देने का आह्वान किया।

विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को मिल रहे अवसरों का उल्लेख करते हुए महिला सशक्तीकरण के प्रयासों की सराहना की।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित करने से उनका उत्साह बढ़ता है। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं और पुरुषों को समान अवसर, सम्मान और अधिकार मिलना आवश्यक है।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्यक्रम में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना