home page

मिशन शक्ति फेज-5.0 और ‘शक्ति दीदी’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम

 | 
मिशन शक्ति फेज-5.0 और ‘शक्ति दीदी’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम


देवरिया, 24 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में जिले के समस्त थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ और ‘शक्ति दीदी’ अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को पम्पलेट वितरित कर उन्हें सुरक्षा, स्वावलंबन और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत 24 अप्रैल को थाना महुआडीह क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम के उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार पाण्डेय, महिला आरक्षी रीता चौहान और रिंकी यादव ने कस्बा क्षेत्र में महिलाओं, छात्राओं और बच्चियों को जागरूक किया।

उन्हें डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090,चाइल्ड हेल्पलाइन-1098,सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई।

इसी क्रम में थाना श्रीरामपुर और भाटपार रानी की टीमों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में गांवों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया।

पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी पहुंचकर लोगों को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और योजनाओं की जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के प्रति प्रेरित करना रहा।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए समाज में सुरक्षित और सशक्त वातावरण बनाया जा सके।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक