home page

लापता अधेड़ का शव नाले में मिला

 | 
लापता अधेड़ का शव नाले में मिला


कानपुर, 06 मार्च (हि.स.)। पनकी थाना क्षेत्र में नाले में गिरने से लापता एक अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

पनकी के रतनपुर कॉलोनी निवासी विजय सिंह (55) एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। परिवार में पत्नी सविता और बेटा विकास है। परिजनों ने बताया कि विजय रोज की तरह गुरुवार देर शाम घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और आसपास के इलाके में उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

रात भर परिजन उनकी खोजबीन करते रहे। इसी बीच शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि शताब्दी नगर स्थित पेट्रोल पंप के पास नाले में एक अधेड़ का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान विजय सिंह के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

सूचना पर पहुंची पनकी थाना पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

परिजनों ने बताया कि विजय को शराब पीने की आदत थी और घटना के समय भी उन्होंने शराब पी रखी थी। आशंका है कि नशे की हालत में रास्ते से गुजरते समय उनका संतुलन बिगड़ गया होगा, जिससे वह नाले में जा गिरे और बाहर नहीं निकल पाने के कारण डूबने से उनकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी मनोज कुमार भदौरिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप