home page

डांट से नाराज 9 साल का बच्चा घर से भागा, पुलिस ने तलाश कर परिजनों काे साैंपा

 | 
डांट से नाराज 9 साल का बच्चा घर से भागा, पुलिस ने तलाश कर परिजनों काे साैंपा


बांदा, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पुलिस ने घर में डांटे जाने से नाराज हाेकर भागे नौ वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया। डायल यूपी-112 और थाना कोतवाली नगर की संयुक्त पुलिस टीम ने बच्चे से मिली जानकारी के आधार पर उसके परिवार का पता लगाया और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह के मुताबिक गुरुवार की सुबह डायल यूपी-112 पर सूचना मिली कि कोतवाली नगर क्षेत्र के ऑक्सीजन पार्क के पास एक नौ वर्षीय बच्चा संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षा के दृष्टिगत चौकी मेडिकल कॉलेज ले आई। पुलिस ने बच्चे से उसके नाम और पते के संबंध में जानकारी ली। बच्चे ने अपना स्थायी पता थाना बिसंडा क्षेत्र का बताया और जानकारी दी कि वह वर्तमान में अपने परिवार के साथ बांदा शहर में रहता है। पुलिस टीम ने बच्चे से बातचीत कर उसके बताए विवरण के आधार पर उसके परिजनों के बंगालीपुरा में रहने की जानकारी जुटाई।

इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें मेडिकल कॉलेज चौकी बुलाया और आवश्यक पूछताछ के बाद बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।

पूछताछ में सामने आया कि बच्चा अपने पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गया था। पुलिस टीम ने परिजनों को समझाया कि बच्चों के साथ कठोर व्यवहार करने के बजाय उन्हें प्यार और समझदारी से समझाया जाए। उनकी बातों को धैर्यपूर्वक सुना जाए, ताकि बच्चे अपनी परेशानियां और समस्याएं बिना किसी डर के परिवार के साथ साझा कर सकें। पुलिस ने परिजनों को भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने देने के लिए बच्चे के साथ स्नेहपूर्ण और सकारात्मक व्यवहार करने की हिदायत भी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह