अखिलेश यादव के खिलाफ लगाई गई भ्रामक होर्डिंग शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश : हाजी फजल महमूद
कानपुर, 26 मई (हि.स.)। कृष्णानगर और श्यामनगर क्षेत्र में लगाए गए भ्रामक और आपत्तिजनक होर्डिंग शहर का माहौल बिगाड़ने और समाजवादी पार्टी की छवि धूमिल करने की सुनियोजित साजिश है। कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर अशांति फैलाने और कार्यकर्ताओं को उकसाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह बातें मंगलवार को समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कहीं।
हाजी फजल महमूद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एडिशनल एडीसीपी अर्चना सिंह से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कृष्णानगर और श्यामनगर थाना चकेरी क्षेत्र में लगाए गए कथित भ्रामक होर्डिंगों को तत्काल हटवाया जाए तथा इन्हें लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी नेतृत्व का अपमान बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि इस प्रकार के होर्डिंग लगाकर शहर का सौहार्दपूर्ण माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।
हाजी फजल महमूद ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे।
शिकायत दर्ज कराने वालों में प्रदेश सचिव केके शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, रजत मिश्रा, दीपक खोटे, शादाब आलम और शहाबुद्दीन कुरैशी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

