home page

जीआरपी ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत किशोरी को किया बरामद, परिजनों को सुपुर्द

 | 
जीआरपी ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत किशोरी को किया बरामद, परिजनों को सुपुर्द


कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। परिजन की डांट से नाराज होकर घर से निकली करीब 16 वर्षीय बालिका को जीआरपी कानपुर सेंट्रल पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत मंगलवार को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बालिका के मिलने की सूचना पर परिजनों ने जीआरपी पुलिस का आभार जताया।

थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि रेलवे के वरिष्ठ आला अधिकारियों के निर्देशन पर गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा की मॉनिटरिंग तथा पुलिस उपाधीक्षक कानपुर शेषमणि उपाध्याय के निकट पर्यवेक्षण में जीआरपी कानपुर सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई की।

ऑपरेशन मुस्कान और श्रावण माह के दृष्टिगत कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक बालिका प्लेटफार्म पर बैठी मिली। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने घर में परिजन की डांट से नाराज होकर चली आई थी।

बालिका ने अपना पता फफूंद, जिला औरैया क्षेत्र का बताया। जीआरपी टीम ने तत्काल मामले की जानकारी जुटाकर उसे महिला हेल्प डेस्क की निगरानी में सुरक्षित रखा। इसके बाद उचित माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई।

कुछ ही देर बाद बालिका के पिता अशोक कुमार और अन्य परिजनों को थाना कार्यालय पर बुलाकर सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। बालिका के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप