मंत्री नन्दी ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं
सौहार्द्र को मजबूत करने का अटूट माध्यम है होली: नन्दी
प्रयागराज, 03 मार्च (हि.स)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने समस्त प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहारों की महिमा अदभुत है। ये हमारे जीवन को उत्साह, उमंग, उत्सव एवं खुशियों से भर देते हैं। होली सौहार्द्र को मजबूत करने का अटूट माध्यम है।
उन्होंने कहा कि होली का त्यौहार इस बात का प्रमाण है कि अन्याय और असत्य में कितना भी आत्मविश्वास क्यों न हो, सत्य और भक्ति की होलिका में भस्म हो जाते हैं। नंदी ने कहा कि रंगों का यह पर्व हमें अधर्म, असत्य व अन्याय जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों से लड़ने की प्रेरणा देता है। होली बड़े-छोटे, ऊंच-नीच का भेद भी मिटाता है। कहा कि होली पर्व सभी को प्रेम के रंग में सराबोर कर देता है। इस त्योहार पर भाईचारा और सौहार्द्र और मजबूत होता है। रंगों के इस महापर्व पर हर किसी के जीवन में खुशियों के रंग बिखरें, इसके लिए हम सब को मिलकर प्रयास करना होगा।
मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था बीते नौ वर्षों में तीन गुना हुई है तथा प्रति व्यक्ति आय में भी लगभग तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है। आज भारत में बनने वाले मोबाइल फोन का लगभग 55 प्रतिशत तथा इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट्स का करीब 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। अब प्रदेश का प्रत्येक नागरिक शांतिपूर्वक विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

