प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर उप्र सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सार्वजनिक परिवहन से किया सफर
लखनऊ, 12 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंगलवार को सार्वजनिक परिवहन (मेट्रो) का उपयोग करते हुए सफर किया।
उन्होंने नई दिल्ली से मेरठ तक की यात्रा मेट्रो और नमो भारत ट्रेन (रैपिड रेल) से की, जिससे आम जनता को ऊर्जा संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
मंत्री अग्रवाल ने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे मेट्रो स्टेशन का रुख किया और मेट्रो से सराय काले खां रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने नमो भारत ट्रेन से मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन तक यात्रा की।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन अपनाने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी और भविष्य की पीढ़ियों के लिए संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
उन्होंने युवाओं, कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों से छोटी एवं नियमित यात्राओं में मेट्रो, बस और रैपिड रेल जैसी सुविधाओं का अधिक उपयोग करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

