home page

करंट लगने से अधेड़ की मौत, घर में पंखा ठीक करते समय हुआ हादसा

 | 

बाराबंकी, 28 जून (हि.स.)। बाराबंकी जिले सिद्धौर ब्लॉक क्षेत्र के अंदका गांव में रविवार को घर में पंखा ठीक करते समय करंट लगने से एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया।

गांव निवासी इंद्राज रावत (55) पुत्र स्वर्गीय बजरंग रावत रविवार को अपने घर में विद्युत पंखा ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े।

परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिद्धौर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर सिद्धौर पुलिस चौकी प्रभारी गौरव सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक अपने पीछे पुत्र अवधेश तथा विवाहित पुत्री अंजलि को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीएचसी सिद्धौर के अधीक्षक डॉ. हरप्रीत सिंह ने बताया कि करंट से गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी