home page

मेट्रो स्टेशनों के पास पार्किंग और ई-साइकिल सुविधा होगी विकसित

 | 
मेट्रो स्टेशनों के पास पार्किंग और ई-साइकिल सुविधा होगी विकसित


लखनऊ, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग बैठक में मेट्रो शहरों में लास्ट माइल कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मेट्रो सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनसुलभ बनाने के लिए लास्ट माइल कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार किए जाएं। उन्होंने कहा कि नए मेट्रो स्टेशनों के लिए भूमि अधिग्रहण के समय आसपास भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पार्किंग हेतु भूमि अधिग्रहण भी किया जाए। साथ ही मेट्रो स्टेशन के निकट अंडरग्राउंड पार्किंग विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेट्रो रूट के समानांतर सिटी बसों का संचालन न किया जाए, ताकि मेट्रो की उपयोगिता और राइडरशिप में वृद्धि हो सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि मेट्रो के प्रति आमजन को अधिक जागरूक करने की आवश्यकता है। लोगों को यह बताया जाए कि मेट्रो यात्रा न केवल सुरक्षित है, बल्कि स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए भी लाभकारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेट्रो स्टेशनों के आसपास खाली पड़े भूखंडों पर पीपीपी मोड के तहत पार्किंग एरिया विकसित करने के प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके अतिरिक्त मेट्रो स्टेशनों के निकट मोबाइल एप आधारित साइकिल एवं ई-साइकिल किराए पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि यात्रियों को सुगम और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिल सके।

बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरुप्रसाद, प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार, मंडलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत, यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन