एक कार्ड से अब कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो में संभव होगी निर्बाध यात्रा : सुशील कुमार
कानपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। कानपुर और आगरा मेट्रो के बाद अब लखनऊ मेट्रो में भी नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे यात्री एक ही कार्ड के माध्यम से विभिन्न शहरों में निर्बाध यात्रा कर सकेंगे और समय व ऊर्जा दोनों की बचत होगी। यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने कानपुर और आगरा के बाद अब लखनऊ मेट्रो में भी एनसीएमसी गो-स्मार्ट कार्ड की सुविधा लागू कर दी है। इसके साथ ही कानपुर मेट्रो के यात्री अब एक ही कार्ड से कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो में यात्रा कर सकेंगे। एनसीएमसी कार्डधारकों को तीनों मेट्रो नेटवर्क में प्रत्येक यात्रा पर 10 प्रतिशत किराया छूट का लाभ भी मिलेगा। साथ ही देश के अन्य एनसीएमसी-सक्षम मेट्रो नेटवर्क और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी इसी कार्ड का उपयोग किया जा सकेगा।
यूपीएमआरसी के अनुसार, प्रदेश में एनसीएमसी गो-स्मार्ट कार्ड की शुरुआत सबसे पहले चार अप्रैल 2023 को कानपुर मेट्रो में की गई थी। इसके बाद मई 2025 में यह सुविधा आगरा मेट्रो में शुरू हुई और अब लखनऊ मेट्रो भी इससे जुड़ गई है। इससे यूपीएमआरसी द्वारा संचालित तीनों मेट्रो नेटवर्क पर एक ही कार्ड से निर्बाध यात्रा संभव हो गई है।
कॉरिडोर-1 के कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक शेष सेक्शन पर जल्द शुरू होने वाली यात्री सेवा को देखते हुए यह सुविधा यात्रियों के लिए अधिक लाभकारी मानी जा रही है। एनसीएमसी कार्ड से टिकट लेने पर 10 प्रतिशत की छूट मिलती है। उदाहरण के तौर पर आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक 40 रुपये के किराये के स्थान पर कार्डधारक को केवल 36 रुपये का भुगतान करना होगा।
यूपीएमआरसी का कहना है कि कानपुर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग लखनऊ आते-जाते हैं। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से मेट्रो कनेक्टिविटी उपलब्ध होने के बाद यात्री बिना नया टिकट खरीदे उसी एनसीएमसी कार्ड से लखनऊ मेट्रो में भी यात्रा कर सकेंगे। इससे टिकट खरीदने की प्रक्रिया आसान होगी और समय की भी बचत होगी।
एनसीएमसी गो-स्मार्ट कार्ड कानपुर मेट्रो के सभी स्टेशनों के टिकट काउंटर पर उपलब्ध है। 100 रुपये शुल्क देकर वैध पहचान पत्र और ओटीपी सत्यापन के बाद कार्ड तत्काल जारी किया जाता है। कार्ड में न्यूनतम 100 रुपये और अधिकतम 2,000 रुपये तक टॉप-अप किया जा सकता है। रिचार्ज की सुविधा टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, यूपीएमआरसी की वेबसाइट और आधिकारिक मोबाइल ऐप के माध्यम से उपलब्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

