विश्व पृथ्वी दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश, डॉ. भरत राज सिंह ने जताई जलवायु पर चिंता
लखनऊ, 22 अप्रैल (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन के बढ़ते खतरे को देखते हुए हम सभी को जिम्मेदारी के साथ आगे आना होगा। अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे पर्यावरण अनुकूल कदम ही बड़े बदलाव की नींव बनते हैं। पृथ्वी को सुरक्षित रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है। यह बातें बुधवार को महानिदेशक (तकनीकी) डॉ. भरत राज सिंह ने कही।
विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आज सरस्वती ब्लॉक के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वैश्विक थीम अवर पावर अवर प्लानेट के अनुरूप किया गया, जिसमें पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सतत विकास पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में निदेशक डॉ. आशीष भटनागर, एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, डीन छात्र कल्याण डॉ. पी. के. सिंह और प्राचार्य डिप्लोमा डॉ. अमरजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ संकाय सदस्य मौजूद रहे। विभागाध्यक्षों और शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस दौरान वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण की तात्कालिक आवश्यकता पर जोर देते हुए छात्रों को जागरूक रहने और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जो हरित और सतत भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना। इस पहल ने संस्थान की पर्यावरण जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

