मेरे सपनों का भारत’ नई पीढ़ी को विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम : राम किशोर साहू
कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। मेरे सपनों का भारत’ अभियान नई पीढ़ी को भारत के विकास और राष्ट्र निर्माण की यात्रा से जोड़ने का माध्यम है। इसे बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। यह बातें भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने शुक्रवार को क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान-जनसेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत शनिवार से ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान शुरू होगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की योजना है। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।
क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी की मौजूदगी में आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालयों में कला और क्विज प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इनके माध्यम से बच्चों को देश की उपलब्धियों, विकास यात्रा और भविष्य के भारत की कल्पना से जोड़ने का प्रयास होगा। कला प्रतियोगिता के विजेताओं को 7 अक्टूबर को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत शनिवार से 15 अक्टूबर तक क्षेत्र की विभिन्न विधानसभाओं में नुक्कड़ नाटक और नाट्य मंचन होंगे। प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में अभियान के 11 अन्य कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तैयार की गई। क्षेत्रीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह ने किया। आदित्य त्रिवेदी, शिव सिंह भारती, राजेश पटेल, पवन प्रताप सिंह, अर्चना त्रिपाठी, अमित समाधिया, वीरेंद्र तिवारी, सुनील साहू और संजय विश्वकर्मा समेत क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

