home page

देवरिया में गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत किया प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 | 
देवरिया में गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत किया प्रदर्शन, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


देवरिया, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में संत-महात्माओं, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, और गोभक्तों ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

ज्ञापन में गोहत्या निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा केंद्रीय गो-चारा नीति लागू करने की मांग की गई। इसके अलावा कृषि, पर्यावरण, चिकित्सा, शिक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों को गो-केंद्रित राष्ट्रीय नीति में शामिल करने का भी आग्रह किया गया।

अभियान के प्रतिनिधि मनोज मिश्रा ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संचालित किया जा रहा है तथा मांगें पूरी होने तक इसे चरणबद्ध रूप से जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन में संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और बड़ी संख्या में गोभक्तों की सक्रिय भागीदारी रही। ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थित लोगों ने अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण ढंग से आवाज बुलंद की और सरकार से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई। इस दौरान मनोज मिश्रा , जगरनाथ , राजेश नराणण, प्रीतिम मिश्र, सूनील सिंह , रण विजय , वंश राज पाण्डेय , तार केश्व शाही उपस्थित रहे ।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक