हनुमंत कथा स्थल एवं मंगल कलशयात्रा की सुव्यवस्था काे लेकर महापौर को सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज, 09 अप्रैल (हि.स)। प्रयाग उत्थान समिति के द्वारा आयोजित होने वाले बाबा बागेश्वर धाम पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की विशाल हनुमंत कथा को लेकर निकलने वाली मंगल कलश यात्रा को लेकर समिति के उपाध्यक्ष राजेश केसरवानी ने गुरुवार काे कीडगंज स्थित महापौर कैंप कार्यालय में महापौर गणेश केसरवानी को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल को हनुमंत कथा मंगल कलश यात्रा सुबह 09 बजे से जमुना क्रिश्चियन इंटर कालेज मैदान मुट्ठीगंज से निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में भक्त गण शामिल होंगे। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पर गड्ढे हैं उन्हें ठीक किया जाए। यात्रा मार्ग की साफ सफाई चूने का छिड़काव और सैनिटाइजेशन किया जाए और मुख्य चौराहे पर पानी का टैंकर उपलब्ध कराया जाए।
समिति के उपाध्यक्ष ने बताया कि इसके अलावा 21, 22 और 23 अप्रैल को हनुमंत कथा स्थल अरैल घाट माघ मेला क्षेत्र में नगर निगम प्रशासन द्वारा साफ-सफाई सहित अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आयोजन की व्यवस्था को देखते महापौर स्वयं हनुमंत कथा स्थल और मंगल कलश यात्रा मार्ग का निरीक्षण करें जिससे कि सम्पूर्ण कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

