home page

जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा

 | 
जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा


गोरखपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक गुरुवार काे आयोजित की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास, उद्यमियों की समस्याओं तथा विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में आधारभूत सुविधाएं, विद्युत आपूर्ति, सड़क संपर्क और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग को “एक जिला एक उत्पाद” के तहत टेराकोटा को वृहद स्तर पर प्रमोट करने के निर्देश दिए। वहीं उद्यमियों ने विभिन्न औद्योगिक स्थलों पर सड़क और नाली निर्माण, वार्षिक मेंटेनेंस टैक्स, गलत बिजली बिल जैसी समस्याएं समिति के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि निवेश मित्र पोर्टल पर गोरखपुर विकास प्राधिकरण से संबंधित 16 मामले लंबित हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने जीडीए को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में उद्यमी अंकित अग्रहरि द्वारा गलत बिजली बिल की शिकायत पर विभाग ने बताया कि समस्या का समाधान कर दिया गया है।

इसके अलावा चैंबर्स ऑफ इंडस्ट्रीज ने जैतपुर-बोक्टा मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन से सड़क खराब होने का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में नाली निर्माण, मेंटेनेंस टैक्स में छूट सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जनपद के वरिष्ठ उद्यमी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय