home page

जौनपुर में 20 मई को दवा की दुकानें रहेंगी बंद, दवा कारोबारियों ने हड़ताल का किया ऐलान

 | 
जौनपुर में 20 मई को दवा की दुकानें रहेंगी बंद, दवा कारोबारियों ने हड़ताल का किया ऐलान


जौनपुर,10 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर जौनपुर के दवा कारोबारी 20 मई को अपनी दुकानें बंद रखकर हड़ताल पर रहेंगे। एआईओसीडी द्वारा देशव्यापी बंद का आह्वान किया गया है, जिसमें देशभर के 12 लाख से अधिक दवा व्यवसायियों के शामिल होने की संभावना है।

केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन जौनपुर ने भी इस हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया है। संस्था ने जनपद के सभी दवा व्यवसायियों से 20 मई को हड़ताल में शामिल होकर समर्थन देने की अपील की है। इस संबंध में रविवार को हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बात करते हुए जिला एवं प्रदेश अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि यह हड़ताल ऑनलाइन दवा बिक्री, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट, नकली दवाओं पर नियंत्रण तथा कोविड काल में लागू किए गए जीएसआर 220 26 मार्च 2020 को वापस लेने जैसी मांगों को लेकर की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार से वार्ता और समाधान की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई ठोस निर्णय न होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।हड़ताल को सफल बनाने के लिए संस्था के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की गई। जनसंपर्क अभियान के माध्यम से तहसील एवं कस्बों के दवा कारोबारियों को हड़ताल के संबंध में जानकारी दी जा रही है, ताकि 20 मई की बंदी को सफल बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव