मुरादाबाद विकास प्राधिकरण साढे पांच माह से बंद पड़े पार्कों का करेगा संचालन
मुरादाबाद, 08 जून (हि.स.)। पिछले लगभग साढे पांच माह से बंद हर्बल पार्क और डॉ. आंबेडकर नेचर पार्क का संचालन अब मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (मुविप्रा) खुद करने की तैयारी कर रहा है। ठेकेदार को न देकर एमडीए अब अपना स्टाफ रखकर इनका संचालन कराएगा। शीघ्र ही पार्कों की स्थिति को दुरुस्त किया जाएगा।
एमडीए ने नव वर्ष के पहले दिन यानी एक जनवरी 2026 को ही नया मुरादाबाद स्थित हर्बल पार्क और आशियाना कॉलोनी स्थिति डॉ. आंबेडकर नेचर पार्क के ठेकेदारों का ठेका बकाया राशि भुगतान नहीं करने के कारण निरस्त कर दिया था। हर्बल पार्क में तो उसी दिन ताला लगा दिया गया था। जिसके कारण नव वर्ष पर पार्क में घूमने आने वालों को भारी निराशा मिली थी। कुछ दिन बाद ही डॉ. आंबेडकर नेचर पार्क भी ताला लगा दिया गया था। तब से लेकर अब तक पार्क जन सामान्य के लिए बंद हैं। एमडीए के सचिव पंकज वर्मा के अनुसार अब हर्बल पार्क, डॉ. आंबेडकर नेचर पार्क को ठेके पर देने के बजाय एमडीए स्वयं ही संचालित करेगा।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने सोमवार को बताया कि इन पार्कों को सुदृढ़ कराया जा रहा है। टिकट विंडो से लेकर अन्य व्यवस्थाओं के संचालन व देखरेख के लिए अपना स्टाफ तैनात किया जाएगा। जिसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उम्मीद है कि जून माह के अंत तक दोनों पाकों को जन सामान्य के लिए खोल दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

