महानवमी पर मुरादाबाद की तीन छात्राओं ने संभाली अधिकारियों की कुर्सियां
मिशन शक्ति अभियान के तहत डीआईओएस, एडीआईओएस एवं वित्त एवं लेखा अधिकारी बनी छात्राएं
मुरादाबाद, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बेटियों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की अनूठी पहल के तहत महानवमी के अवसर पर तीन छात्राओं को शिक्षा विभाग में साेमवार काे अधिकारी बनाया गया। अधिकारी के रुप में छात्राओं
ने प्रशासनिक कार्यों से रूबरू कराया। तीनों छात्राओं ने जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक और वित्त एवं लेखा अधिकारी की कुर्सी संभाली। पूरा कार्यक्रम मिशन शक्ति अभियान की प्रभारी बबीता मेहरोत्रा की निगरानी में संपन्न हुआ।
मिशन शक्ति अभियान के तहत जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर ने देवेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बिलारी की कक्षा 10 की छात्रा शिखा दक्ष को एक दिन का जिला विद्यालय निरीक्षक बनाया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में छात्रा का भव्य स्वागत किया गया। रितु तोमर ने उन्हें अपनी कुर्सी पर बैठाकर मिष्ठान खिलाया और उपहार भेंट किया। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक के दायित्वों, विभागीय कार्यप्रणाली और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर छात्रा शिखा दक्ष ने कहा कि आज मुझे बहुत अच्छा लग रहा है और मैं बहुत खुश हूं कि मुझे यह जिम्मेदारी मिली है। यह सरकार और शिक्षा विभाग का बहुत ही सराहनीय प्रयास है, जिससे हमें बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है।
इसी श्रृंखला देवेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बिलारी की ही कक्षा 12 की छात्रा निहारिका चौधरी को सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक बनाया गया। वर्तमान में जनपद अमरोहा में जिला विद्यालय निरीक्षक के पद पर कार्यरत व पूर्व में मुरादाबाद के शहर जिला विद्यालय निरीक्षक रहे शतानंद शर्मा ने मुरादाबाद में छात्रा को सह जिला विद्यालय निरीक्षक के पद की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने छात्रा को अपनी कुर्सी पर बैठाकर शुभकामनाएं दीं, मिष्ठान और उपहार देकर सम्मानित किया। छात्रा निहारिका ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है और ऐसे कार्यों से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
इसी कड़ी में महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज, कांठ की कक्षा 10 की छात्रा कनक सिंह को वित्त एवं लेखा अधिकारी राकेश मौर्य ने एक दिन का वित्त एवं लेखा अधिकारी बनाया। उन्होंने छात्रा को विभाग के वित्तीय कार्यों, लेखा-जोखा और बजट से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी। छात्रा को मिष्ठान और उपहार देकर शुभकामनाएं दी गईं। छात्रा कनक ने कहा कि यह बहुत अच्छा कार्य है जिससे हमें भविष्य के लिए बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।
इस अवसर पर रघुवीर सिंह, बलबीर सिंह, मेजर सुदेश भटनागर, हिमांशु यादव सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

