home page

मथुरा : तमन्ना किन्नर की अनूठी पहल, सुहागिनों को भेंट करेंगी 11 हजार साड़ियां

 | 
मथुरा : तमन्ना किन्नर की अनूठी पहल, सुहागिनों को भेंट करेंगी 11 हजार साड़ियां


गांगरोली में हजारों महिलाओं को साड़ियां बांटकर दिया आशीर्वाद

सामाजिक समरसता और महिला सम्मान की पहल की हो रही सराहना

मथुरा, 25 अक्टूबर(हि.स.)। करवाचौथ के पावन पर्व पर सुहागिनों की खुशियों में रंग भरने के लिए समाजसेविका तमन्ना किन्नर ने अनूठी पहल की है। उन्होंने रविवार सुहागिन महिलाओं को आशीर्वाद स्वरूप 11 हजार साड़ियां भेंट करने का संकल्प लिया है।

रविवार को मथुरा के गांगरोली गांव में हजारों महिलाओं को साड़ियां वितरित की गईं। त्योहार से पहले मिली इस सौगात से महिलाओं के चेहरे खिल उठे। तमन्ना किन्नर की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। करणी सेना के किन्नर प्रकोष्ठ से जुड़ी तमन्ना किन्नर ने करवाचौथ के अवसर पर महिलाओं के प्रति सम्मान प्रकट करने और उनकी खुशियों में सहभागी बनने के उद्देश्य से यह पहल की है। साड़ी वितरण के दौरान उन्होंने महिलाओं को साड़ियां भेंट कर आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। सामाजिक कार्यों से मजबूत होता है भाईचारा करणी सेना के संगठन मंत्री कुंवर विष्णु सिंह राजपूत ने तमन्ना किन्नर के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि गांगरोली गांव में हजारों महिलाओं को साड़ियां वितरित करना सराहनीय कार्य है। ऐसे प्रयास समाज में प्रेम, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। सामाजिक चिंतक विष्णु सिसोदिया ने कहा कि करवाचौथ जैसे महत्वपूर्ण पर्व से पहले सुहागिन महिलाओं को साड़ी भेंट करना महिला सम्मान और सामाजिक सहयोग का अच्छा उदाहरण है। जब कोई व्यक्ति दूसरों की खुशियों को अपनी खुशी समझकर आगे आता है, तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। ऐसे कार्य सामाजिक समरसता और आपसी अपनत्व को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम में राम तोमर, विजयपाल ठाकुर, योगी राजपूत, सुखवीर सिंह, विष्णु राठौर, रोतान सहित किन्नर समाज की टीम के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने आयोजन में सहयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार