home page

श्रीकृष्ण जन्मभूमि से हटे अवैध कब्जा, मूल गर्भगृह में विराजेंगे कन्हैया: स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ

 | 
श्रीकृष्ण जन्मभूमि से हटे अवैध कब्जा, मूल गर्भगृह में विराजेंगे कन्हैया: स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ


मथुरा, 06 अक्टूबर(हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के ट्रस्टी एवं उडुपी पेजावर मठ के पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी श्री 1008 विश्वप्रसन्न तीर्थ महाराज ने मंगलवार शाम को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुँचकर भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने लगभग 800 वर्ष पुराने पूजित चल-विग्रह के साथ द्वैत वेदांत परंपरा के अनुसार समस्थान पूजन किया और श्रीगर्भ-गृह में विष्णु सहस्रनाम पाठ एवं पुष्पार्चन किया।

पूजा के उपरांत स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ ने कहा कि आताताइयों द्वारा सनातन के पवित्र स्थलों को तोड़कर बनाए गए ढाँचे करोड़ों सनातनियों को आहत करते हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा में सांस्कृतिक पुनरुत्थान का समय आ गया है। अन्याय के प्रतीक हटेंगे और सत्य की विजय होगी।

उन्होंने 13.37 एकड़ भूमि पर सनातनी गौरव की पुनर्स्थापना के लिए सभी सनातनियों को एकजुट होने का आह्वान किया। श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने महाराजश्री का स्वागत तुलसी-माला और अंगवस्त्र भेंटकर किया तथा परिसर की व्यवस्थाओं व सौंदर्यीकरण के लिए उनका आशीर्वाद व मार्गदर्शन प्राप्त किया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार