home page

मथुरा: पुलिस पूरी तरह अलर्ट, धार्मिक स्थलों और बाजारों में चलाया गया सघन चेकिंग अभियान

 | 
मथुरा: पुलिस पूरी तरह अलर्ट, धार्मिक स्थलों और बाजारों में चलाया गया सघन चेकिंग अभियान


मथुरा, 10 नवम्बर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में मंगलवार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मथुरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में मथुरा और वृंदावन के प्रमुख धार्मिक स्थलों, मंदिरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एलआईयू और एंटी-सबोटाज चेक टीमों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।

थाना गोवर्धन के अंतर्गत दानघाटी मंदिर, मानसी गंगा मंदिर, बस स्टैंड और परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से सघन जांच-पड़ताल की गई। वहीं थाना वृंदावन क्षेत्र में ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर, इस्कॉन मंदिर, प्रेम मंदिर, माता वैष्णो देवी मंदिर और चारधाम छटीकरा में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए चेकिंग की गई।

इसके अतिरिक्त, बीडी डीएस (बम निरोधक दस्ता - बीडी डीएस) टीम द्वारा श्रीकृष्ण जन्मभूमि, पुराना बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, द्वारकाधीश मंदिर, पोतरा कुंड, होली गेट और शाही ईदगाह मस्जिद सहित कई संवेदनशील व प्रमुख स्थलों को विधिपूर्वक चेक किया गया।

त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले बाजारों और व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में जनपद के सभी जांच किए गए स्थानों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा शांति एवं कानून व्यवस्था कायम है। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मथुरा पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार