मथुरा: कृष्णानगर को बनाया जाएगा कचरा रहित मॉडल जोन
मथुरा, 24 सितम्बर(हि.स.)। शहर को स्वच्छ बनाने की मुहिम अब एक क्षेत्र को मॉडल के रूप में विकसित करने से शुरू होगी। स्वच्छ ब्रज अभियान के तहत कृष्णानगर को कचरा रहित जोन बनाने का निर्णय लिया गया है। यहां पहले दुकानदारों और स्थानीय लोगों को जागरूक किया जाएगा, फिर रैली और डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के लिए जोड़ा जाएगा।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभाकक्ष में गुरुवार को स्वच्छ ब्रज अभियान के कोर ग्रुप की बैठक उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अभियान की गतिविधियों के साथ उनके परिणामों की निगरानी पर जोर दिया गया। कृष्णानगर में तीन-चार दिन ऑडियो संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके बाद व्यापार सभा, जिला प्रशासन, नगर निगम, ब्रज तीर्थ विकास परिषद, सामाजिक संस्थाओं और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की सहभागिता से रैली निकाली जाएगी। रैली के साथ घर-घर संपर्क भी किया जाएगा। इसके परिणाम के आधार पर मॉडल को अन्य क्षेत्रों में लागू किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने बैठक में एजेंडा रखा। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम ऐप में सुधार किया जा रहा है। कूड़ा संबंधी शिकायत के निस्तारण के लिए दो घंटे की समय सीमा निर्धारित की गई है। उच्च अधिकारियों तक पहुंचेगी। प्रचार के लिए पांच हजार फ्लेक्सी-बैनर और जनजागरूकता के लिए 20 लाख पंपलेट तैयार कराने की योजना है। प्लास्टिक कचरे के निस्तारण के लिए बैग डिस्पेंसर मशीन का ट्रायल सब्जी मंडी में होगा। बोतल जमा करने पर कपड़े का थैला देने का सुझाव भी दिया गया। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर डस्टबिन उपलब्ध कराने के साथ दुकानदारों, व्यापारिक संगठनों, स्कूल-कॉलेज, होटल संचालकों और सामाजिक संस्थाओं के अलग-अलग व्हाट्सएप समूह बनाकर केंद्रीय स्तर से मॉनिटरिंग की जाएगी। स्वच्छता नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना, चालान और नोटिस की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

