home page

मथुरा जंक्शन में जर्जर छत से भरभराकर गिरा प्लास्टर, बाल-बाल बचे यात्री

 | 
मथुरा जंक्शन में जर्जर छत से भरभराकर गिरा प्लास्टर, बाल-बाल बचे यात्री


मथुरा, 09 सितम्बर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जंक्शन के प्रतीक्षा गृह में बुधवार को जर्जर छत का मोटा प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया, जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई। हादसे के वक्त बेंच पर बैठे यात्री बाल-बाल बच गए। घटना ने स्टेशन भवन की जर्जर हालत और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मथुरा रेलवे जंक्शन स्टेशन के प्रतीक्षा गृह की जर्जर छत बुधवार को यात्रियों के लिए खतरे का सबब बन गई। अचानक छत का मोटा प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय प्रतीक्षा गृह में बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे थे और बेंचों पर बैठे थे। गनीमत रही कि प्लास्टर गिरने से कुछ ही पल पहले वहां बैठे यात्री बच गए, वरना कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। प्लास्टर गिरते ही तेज आवाज के साथ अफरातफरी मच गई। बेंच पर बैठे यात्री और आसपास के लोग घबराकर भाग खड़े हुए। नीचे गिरे प्लास्टर के मोटे टुकड़े स्टेशन भवन की जर्जर हालत की तस्वीर बयां कर रहे थे। यात्रियों ने कहा कि छत की हालत पहले से खराब है, लेकिन मरम्मत नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। घटना ने स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में स्टेशन मास्टर बयान देने से बचते रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार