मथुरा : 20 किलोग्राम दूषित पेड़ा, 250 किग्रा पनीर कराई नष्ट, कुल दस सैम्पल भेजे लैब
मथुरा, 17 अप्रैल(हि.स.)। आगामी त्योहारों और श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए मिलावटखोरी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्राजक्ता त्रिपाठी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गोवर्धन के प्रमुख बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्रसिद्ध दानघाटी मंदिर क्षेत्र की मिठाई दुकानों पर हुई छापेमारी से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में उपजिलाधिकारी प्राजक्ता त्रिपाठी, गोवर्धन के निर्देशन में आम जनमानस एवं आने वाले श्रृद्धालुओं को स्वच्छ व गुणवत्तायुक्त खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध कराने हेतु खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह एवं भरत सिंह द्वारा दानघाटी मंदिर के सामने गोवर्धन से दूध के दो नमूनें तथा पेड़ा के दो नमूनें संग्रहित कर अस्वास्थकर दशाओं में भंडारित लगभग 20 कि0ग्रा0 पेड़ा अनुमानित मूल्य लगभग 6000 रूपये को नष्ट कराया गया।
धर्मेंद्र सिंह खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा टाउनशिप चौराहा भगवान नगर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सैनिक ढाबा से पनीर का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त धीरेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के निर्देशन व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सचलदल के सदस्य जितेन्द्र सिंह, अरूण कुमार, दलवीर सिंह व राम नरेश द्वारा गौमत बाजना रोड, अजनोठ सुल्तान पट्टी स्थित अवैध रूप से संचालित अनीता डेयरी पर छापामार कार्रवाई की गयी। जहां मिल्क क्रीम का एक नमूना संग्रहित किया गया तथा अस्वास्थकर व अस्वच्छकर दशाओं में पनीर निर्माण कार्य होते पाये जाने पर परिसर में भंडारित 250 कि0ग्रा0 तैयार पनीर में से तीन नमूनें संग्रहित कर शेष पनीर अनुमानित मूल्य लगभग 67500 रूपये को नष्ट करा दिया गया। साथ ही नौशेरपुर मांट स्थित बृजधाम नैचुरल डेयरी से भैंस का दूध का एक नमूना संग्रहित किया गया। उक्त संग्रहित कुल 10 खाद्य नमूनें जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किये जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त अग्रेतर विधिक कार्यवाही की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

